जगदलपुर। बस्तर दशहरे के अवसर पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ईस्ट कोस्ट रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था की है। जगदलपुर और दंतेवाड़ा के बीच यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे 1 से 4 अक्टूबर तक कुल छह जनसाधारण स्पेशल ट्रेनें चलाएगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, 2 से 4 अक्टूबर तक जगदलपुर से सुबह 8:15 बजे रवाना होने वाली ट्रेन दंतेवाड़ा सुबह 11 बजे पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन दंतेवाड़ा से सुबह 11:30 बजे छूटकर दोपहर 2:25 बजे जगदलपुर पहुंचेगी। इसी मार्ग पर दोपहर 2:30 बजे जगदलपुर से चलने वाली ट्रेन शाम 5:30 बजे दंतेवाड़ा पहुंचेगी, जबकि शाम 6 बजे दंतेवाड़ा से निकलने वाली ट्रेन रात 8:45 बजे जगदलपुर पहुंचेगी।
यात्रियों की सहूलियत के लिए रात की सेवा भी शुरू की गई है। 1 से 3 अक्टूबर तक जगदलपुर से रात 10 बजे रवाना होने वाली ट्रेन आधी रात 12:45 बजे दंतेवाड़ा पहुंचेगी। वहीं 2 से 4 अक्टूबर तक सुबह 5 बजे दंतेवाड़ा से चलने वाली सेवा सवा 7 बजे जगदलपुर पहुंचेगी।
सभी स्पेशल ट्रेनों में आठ जनरल सेकेंड क्लास कोच और दो सेकेंड क्लास कम-लगेज कोच जोड़े गए हैं, ताकि दशहरे के दौरान यात्रियों को बिना किसी परेशानी के यात्रा की सुविधा मिल सके।




