आशीष पदमवार. बीजापुर। जिले के कलेक्टर संबित मिश्रा ने भौरमगढ़ ब्लॉक के इंद्रावती नदी पार स्थित सुदूर गांव बेलनार में हाल ही में स्थापित सुरक्षा कैम्प का निरीक्षण किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने सुरक्षा बल के जवानों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और क्षेत्र की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों पर चर्चा की।
Read Also- सुरक्षाबलों की पैनी नजर से टला बड़ा हादसा: माओवादी IED की चपेट में आया जवान, हालत स्थिर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से भी बातचीत की और उन्हें क्षेत्र के विकास तथा शासकीय योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। सुरक्षा कैम्प की स्थापना से नियद नेल्लानार योजना के तहत शामिल गांवों में विकास की गति तेज होगी और शासन की योजनाएं इन दूरदराज के क्षेत्रों तक आसानी से पहुँच सकेंगी। इससे माओवाद प्रभावित क्षेत्रों के लोग भी सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे प्राप्त कर सकेंगे।
Read Also- दिवाली से पहले NHM कर्मचारियों के लिए 5% वेतन वृद्धि, बहाली का इंतजार जारी
जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता चौबे ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के घर बनाने और अन्य विकास योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया। उन्होंने बताया कि नए आंगनबाड़ी भवन बन जाने से बच्चों को पोषण और प्रारंभिक शिक्षा की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।




