मुंबई।
टीवी और फिल्म इंडस्ट्री से दुखद खबर आई है। अभिनेता पंकज धीर, जिन्हें बीआर चोपड़ा की महाभारत में कर्ण का किरदार निभाने के लिए जाना जाता है, का 15 अक्टूबर, बुधवार को सुबह 11.30 बजे निधन हो गया। वे 68 वर्ष के थे। निधन की वजह आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई है, लेकिन उनके फैंस और साथी कलाकार गहरे शोक में हैं।
महाभारत में अर्जुन का किरदार निभाने वाले अभिनेता फिरोज खान ने पंकज के निधन की पुष्टि की और गहरा दुख जाहिर किया। उन्होंने अमर उजाला से कहा कि पंकज बहुत अच्छे और प्यारे इंसान थे और उनका जाना व्यक्तिगत और पेशेवर रूप से एक बड़ी क्षति है।
सूत्रों के अनुसार, पंकज धीर लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। उन्होंने बीमारी पर पहले काबू पाया था, लेकिन कुछ महीनों पहले कैंसर दोबारा शरीर में फैल गया और उन्हें ICU में भर्ती कराना पड़ा। इसके बाद उनकी बड़ी सर्जरी भी हुई थी।
पंकज धीर के निधन के बाद CINTAA (सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन) ने मंगलवार को आधिकारिक बयान जारी कर उनके निधन की पुष्टि की। पंकज धीर का योगदान भारतीय टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में हमेशा याद रखा जाएगा।




