सरगुजा। छत्तीसगढ़ में मोन्था चक्रवाती तूफान का असर कम होते ही सरगुजा संभाग में अब ठंड ने दस्तक दे दी है। पिछले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में शहर का न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो इस सीजन का सबसे न्यूनतम तापमान है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना है।
उत्तर छत्तीसगढ़ में बढ़ी सर्दी, तीन दिनों से गिर रहा तापमान
मोन्था का असर कम होने के बाद आसमान साफ हो गया है, जिससे उत्तर छत्तीसगढ़ के इलाकों में ठंड बढ़ने लगी है। पिछले तीन दिनों से लगातार तापमान में गिरावट जारी है। पिछले 24 घंटे में ही पारा 3 डिग्री से अधिक नीचे आया है। हालांकि, अधिकतम तापमान फिलहाल 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
Read Also- रेल हादसे से दहला बिलासपुर! मालगाड़ी और पैसेंजर ट्रेन की भिड़ंत में कई जख्मी, जांच के आदेश
पाट क्षेत्र में शीत लहर का असर, सुबह छाई धुंध
मंगलवार सुबह वातावरण में हल्की धुंध छाई रही, जिससे ठंड और अधिक महसूस हुई। पाट क्षेत्रों में शीत लहर का असर दिखने लगा है। मैनपाट का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने मंगलवार को पूरे क्षेत्र में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है।
और गिरेगा तापमान, नवंबर में पारा छू सकता है 10 डिग्री
मौसम विज्ञान केंद्र अंबिकापुर के वैज्ञानिक ए. एम. भट्ठ ने बताया कि पश्चिम-उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं चलने लगी हैं, जिससे तापमान में और गिरावट होगी। फिलहाल कोई चक्रवाती सिस्टम सक्रिय नहीं है। उन्होंने कहा कि हालिया बारिश से वातावरण में नमी बढ़ी है, जिससे ठंड का असर और तेज महसूस होगा। नवंबर के दौरान तापमान 10 डिग्री तक पहुंच सकता है।
Read Also- पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल: 80 पुलिसकर्मियों का हुआ तबादला, SP ने जारी किया आदेश
धान की कटाई में तेजी, धूप ने किसानों को दी राहत
मौसम के साफ होने से किसानों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई है। बारिश के कारण भीगी धान की फसल अब धूप निकलने से सूखने लगी है। निचले इलाकों में पानी के कारण कटाई का कार्य रुका हुआ था, लेकिन अब मौसम सुधरने से कटाई का काम तेजी से शुरू हो गया है।




