Bihar Assembly Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत आज राज्य के 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान जारी है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग में मतदाता उत्साहपूर्वक अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। पहले चरण में 3.75 करोड़ मतदाता 1314 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे।
पटना के वेटनरी कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, उनकी पत्नी राजश्री यादव और राज्यसभा सांसद मीसा भारती ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। हालांकि, इस दौरान लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव नजर नहीं आए।
बड़े बेटे की गैरमौजूदगी के बीच राबड़ी देवी ने मां का स्नेह और विश्वास दोनों ही जताया। उन्होंने कहा, मेरे दोनों बेटे जनता की सेवा में लगे हैं, जनता का प्यार और आशीर्वाद उन्हें जरूर मिलेगा। राबड़ी देवी के इस बयान ने संकेत दिया कि परिवार के भीतर मतभेदों से ऊपर एकता और स्नेह की भावना बरकरार है।
Read Also- बिहार में पहले चरण की वोटिंग शुरू, 18 जिलों की 121 सीटों पर आज तय होगी सियासी दिग्गजों की किस्मत
इधर, आरजेडी नेता रोहिणी आचार्य ने सत्ताधारी ‘डबल इंजन सरकार’ पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, बिहार के मजदूर आज भी रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं। यह चुनाव उन गरीब और मेहनतकश लोगों के भविष्य का चुनाव है। जनता इस बार ऐसी सरकार चुनेगी जो युवाओं को रोजगार दे और डबल इंजन की सरकार को उखाड़ फेंके।
पहले चरण में जिन 18 जिलों में मतदान हो रहा है, उनमें कई हॉट सीटें सुर्खियों में हैं। तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा और अनंत सिंह जैसे दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा इन सीटों पर दांव पर है। इस चरण में दो डिप्टी सीएम सहित कुल 18 मंत्रियों की साख भी दांव पर लगी हुई है।
निर्वाचन आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं। राज्यभर के 45,341 मतदान केंद्रों पर लगभग 4 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। गर्मी और भीड़ के बावजूद मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।




