रायपुर। टीम इंडिया की बल्लेबाज स्मृति मंधाना और संगीतकार पलाश मुच्छल की शादी अंतिम समय पर टाल दी गई। दोनों रविवार 23 नवंबर को महाराष्ट्र के सांगली में विवाह बंधन में बंधने वाले थे, लेकिन समारोह से पहले ही स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें गंभीर स्थिति में एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। परिस्थितियों को देखते हुए स्मृति ने विवाह स्थगित करने का निर्णय लिया।
सांगली स्थित स्मृति मंधाना के नए घर में कई दिनों से शादी की तैयारियां चल रही थीं और सभी रस्में पूरी की जा रही थीं। रविवार शाम 4.30 बजे विवाह का मुहूर्त निर्धारित था, लेकिन उससे पहले सुबह नाश्ते के दौरान उनके पिता की तबीयत खराब हो गई। हालात बिगड़ने पर उन्हें सांगली के सर्वहित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर उनकी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
स्मृति मंधाना के मैनेजर तुहिन मिश्रा ने बताया कि सुबह तबीयत बिगड़ने के बाद परिवार ने सुधार की उम्मीद में कुछ समय इंतजार किया, लेकिन स्थिति और खराब होती देख उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। उन्होंने कहा कि स्मृति अपने पिता के बेहद करीब हैं और इसी कारण उन्होंने शादी को अनिश्चितकाल के लिए टालने का फैसला किया है।
मिश्रा ने बताया कि डॉक्टरों ने अगले कुछ दिनों तक अस्पताल में इलाज की जरूरत बताई है। ऐसे में स्मृति ने स्पष्ट किया है कि पिता के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद ही शादी की नई तारीख तय की जाएगी। टीम की ओर से मंधाना परिवार की निजता बनाए रखने की अपील की गई है।




