पटना। राजधानी पटना में सोमवार को हुई एक सनसनीखेज घटना में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। अपराधियों ने कारोबारी पर लगातार छह गोलियां चलाईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद भाग रहे दोनों बदमाशों को स्थानीय लोगों ने पीछा कर लगभग 200 मीटर दूर पकड़ लिया और पीट-पीटकर मार डाला।
मृत कारोबारी की पहचान भूपतिपुर निवासी 65 वर्षीय अशरफी राय के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला एक प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा पाया गया है। पुलिस के अनुसार विवादित जमीन की कीमत लगभग 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
DSP ने बताया कि घटनास्थल से 10 से अधिक खोखे बरामद किए गए हैं, जिनमें से छह गोलियां कारोबारी को लगी थीं। इससे स्पष्ट है कि अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी। मारे गए दोनों बदमाशों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
घटना गोपालपुर थाना क्षेत्र के डोमनचक इलाके में हुई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और पूरे प्रकरण की विस्तृत जानकारी एकत्र की जा रही है।




