रायपुर। सर्दी का सितम बढ़ने लगा है। प्रदेश में पारा लगातार गिर रहा है और राजधानी रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में ठंड का एहसास गहरा गया है। शनिवार को अम्बिकापुर सबसे ठंडा रहा जहां न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस और माना में करीब 11 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने बताया कि 30 नवंबर से अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की मामूली वृद्धि होने की संभावना है।
चक्रवाती तूफान दितवाह फिलहाल दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी श्रीलंका के ऊपर बना हुआ है। यह रविवार सुबह तक उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश तटों के पास पहुंच जाएगा। इसके प्रभाव से रविवार को बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। यह स्थिति इसके दो दिन बाद तक बनी रहने के आसार हैं।
राजधानी रायपुर में रविवार को मौसम साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान है।




