रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र से ठीक पहले कांग्रेस आज अहम बैठक कर रही है। राजीव भवन में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित सभी वरिष्ठ विधायक मौजूद रहेंगे।
मिली जानकरी के अनुसार, बैठक में प्रदेश में चल रही समस्याओं को लेकर सदन में मंत्रियों को घेरने की रणनीति तैयार की जाएगी। इसमें बिजली, जमीन-दर, धान खरीदी, कानून-व्यवस्था और आदिवासी अत्याचार जैसे कई मुद्दे शामिल हैं।
सत्र में विपक्ष की रणनीति
कांग्रेस के नेताओं ने बताया कि पार्टी सरकार को सदन में कड़े सवालों से घेरने की विस्तृत योजना बना रही है। धान खरीदी में अव्यवस्था, बिजली बिलों में वृद्धि, जमीन की बढ़ती गाइडलाइन दरें, बढ़ती आपराधिक वारदातें और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विपक्ष आक्रामक रुख अपनाएगा। कांग्रेस का कहना है कि सरकार इन मुद्दों में लगातार विफल रही है, इसलिए सत्र में इन पर जोरदार तरीके से सवाल उठाए जाएंगे।
Read Also- सरगुजा संभाग में कड़ाके की ठंड, मौसम विभाग ने जारी किया शीतलहर का अलर्ट…
मुख्य मुद्दे
- धान खरीदी: मंडी स्तर पर देरी, टोकन वितरण में अनियमितताएं और धान परिवहन में रुकावट।
- बिजली: बढ़ते बिजली बिल और नए कनेक्शन की प्रक्रिया।
- जमीन दरें: गाइडलाइन दरों में वृद्धि से आम लोगों पर बढ़ा आर्थिक बोझ।
- कानून-व्यवस्था: प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाएं, महिलाओं और आदिवासियों पर अत्याचार।
कांग्रेस का दावा है कि भाजपा सरकार ने अपने वादों पर अभी तक अमल नहीं किया है, इसलिए सदन में घेराबंदी तेज होगी। कांग्रेस प्रवक्ता घनश्याम राजू तिवारी ने बैठक की पुष्टि की है।




