सरगुजा संभाग में उत्तर भारत की ओर से आ रही ठंडी हवाओं के चलते कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान लगभग 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में पाट से लेकर मैदानी इलाकों तक शीतलहर का असर दिख रहा है। सोनहत और सामरीपाट क्षेत्रों में शुक्रवार को पाला गिरा, जबकि मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री के बीच रहा।
ठंड से मौत, पुलिसकर्मियों को कंबल के साथ पेट्रोलिंग का आदेश
9 दिसंबर की रात खुले में सो रहे एक व्यक्ति की ठंड लगने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक कम कपड़ों में सो रहा था। पोस्टमॉर्टम में हाइपोथर्मिया की आशंका जताई गई है।
ठंड से मौत के बाद सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने पुलिसकर्मियों को आदेश दिए हैं कि नाइट पेट्रोलिंग के दौरान प्रत्येक पार्टी अपने साथ 10-10 कंबल लेकर निकले। ये कंबल खुले में सो रहे या कम कपड़ों में रहने वाले लोगों को वितरित किए जाएंगे। कंबल का खर्च स्वयं एसएसपी अग्रवाल वहन करेंगे।
Read Also- सेप्टिक टैंक में मिला चार माह से लापता नवविवाहिता का शव, ससुर पर हत्या का शक, जांच में जुटी पुलिस
अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री
शुक्रवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि गुरुवार को यह 4.9 डिग्री था। पाट इलाकों में मैनपाट, सामरीपाट और सोनहत में न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री के बीच रहा। अधिकतम तापमान पिछले 24 घंटों में 25.9 डिग्री दर्ज किया गया।
शीतलहर का असर अगले सप्ताह तक
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी शीतलहरों के कारण सरगुजा संभाग में अगले एक सप्ताह तक कड़ाके की ठंड बनी रहेगी। शीतलहरों का असर मध्य छत्तीसगढ़ तक फैल सकता है। मौसम वैज्ञानिक एएम भट्ट ने कहा कि न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है।
शहर में अलाव की व्यवस्था, सड़कों में सन्नाटा
कड़ाके की ठंड से बचने के लिए नगर निगम ने सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की है। ठंड के चलते शाम होते ही शहर की सड़कें सुनसान नजर आने लगी हैं। डॉक्टरों ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है।




