जगदलपुर। शहर के बड़ांजी थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हुआ है। आज जगदलपुर-चित्रकोट मार्ग पर टाटा मैजिक वाहन ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हदे में आरएसएस बस्तर संभाग के विभाग संघचालक सुकालु राम बघेल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चार अन्य लोग घायल हुए हैं।
हादसा टकरागुडा के पास हुआ है, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं टाटा मैजिक वाहन में सवार दो अन्य लोग भी हादसे में चोटिल हुए हैं। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वाहन चालक से पूछताछ की जा रही है।




