कोरबा। जिले के हरदी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुड़ापार, बाजार पारा में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे बने एक मकान की दीवार तोड़ते हुए सीधे आंगन में जा घुसा। हादसे में आंगन में बर्तन धो रही 25 वर्षीय गर्भवती महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, भोलाराम सूर्यवंशी का मकान मुख्य सड़क से सटा हुआ है। शनिवार शाम करीब 4 बजे उनकी बड़ी बहू शशि बाई सूर्यवंशी भोजन के बाद आंगन में बर्तन धो रही थीं। इसी दौरान सड़क से गुजर रहा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और रफ्तार के साथ मकान की ओर मुड़ते हुए दीवार तोड़कर आंगन में जा घुसा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वाहन की गति काफी तेज थी और चालक नियंत्रण खो बैठा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। आंगन में मौजूद शशि बाई ट्रेलर की चपेट में आ गईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के समय पास में एक बच्चा खेल रहा था और मृतका के ससुर भी वहीं मौजूद थे, लेकिन वे बाल-बाल बच गए।
मृतका के पति गजपाल सूर्यवंशी पेशे से ड्राइवर हैं और घटना के समय घर पर नहीं थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लंबे समय से खतरा बनी हुई है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई।
घटना के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही हरदी बाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डडसेना, दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू, कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे और तहसीलदार अभिजीत राजभानु मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया।
पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले में लापरवाही और तेज रफ्तार को हादसे का प्राथमिक कारण माना जा रहा है।




