बिलासपुर। बिलासपुर के सेमरताल गांव स्थित एक फार्महाउस में चल रहे जुआ अड्डे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 जुआरियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह फार्महाउस एक बीजेपी पार्षद से जुड़ा बताया जा रहा है।
कोनी और सीपत थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारकर मौके से 1 लाख 13 हजार रुपये नगद और 52 पत्ती ताश बरामद की है। सभी आरोपी सरकंडा क्षेत्र के रहने वाले हैं।पुलिस ने सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सेमरताल गांव के एक फार्महाउस में देर रात जुआ खेला जा रहा है। मौके पर पहुंची टीम ने चारों ओर से घेराबंदी कर जुआ खेल रहे 17 लोगों को पकड़ लिया। फार्महाउस की राजनीतिक संबद्धता और हाईप्रोफाइल सेटअप को देखते हुए यह मामला चर्चाओं में आ गया है।
डीएसपी रश्मित कौर चावला ने बताया, “कोनी और सीपत थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जुआ खेलते हुए 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मौके से बड़ी मात्रा में नगदी और ताश जब्त किया गया है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले में और भी लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है।”




