सरगुजा। कहते हैं प्यार ना उम्र देखता है, ना ही बंधन… और कभी-कभी यही प्यार लोगों के बीच चर्चा का सबसे बड़ा मुद्दा बन जाता है। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र से ऐसा ही एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां आधी रात अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक शादीशुदा प्रेमी को परिजनों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे गांव को हैरत में डाल दिया।
मामला पुहपुटरा गांव का है। जानकारी के अनुसार सूरजपुर जिले के तेलाई कछार का रहने वाला एक युवक, जो पहले से विवाहित है, चोरी-छिपे अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा। युवती भी विवाहित है और लखनपुर क्षेत्र में उसका ससुराल है। आधी रात मुलाकात के दौरान दोनों को परिजनों ने देख लिया और गुस्से से तमतमाए लोगों ने प्रेमी-प्रेमिका को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
Read Also- रामलीला में पूनम पांडे नहीं निभाएंगी मंदोदरी का किरदार, विवाद के बाद कमेटी ने लिखा पत्र,कहा- हमें खेद है….
इसके बाद गांव में पंचायत बैठाई गई। पंचायत में घंटों चली चर्चा के बाद हैरान करने वाला फैसला सुनाया गया। पंचायत ने विवाहित प्रेमिका को उसी के प्रेमी के हवाले कर दिया। खास बात यह रही कि पुलिस भी मौके पर मौजूद रही, लेकिन दोनों पक्षों की तरफ़ से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई, जिसके चलते पुलिस ने भी किसी तरह की कार्रवाई नहीं की।
यह घटना अब पूरे सरगुजा संभाग में चर्चा का विषय बन गई है। लोग जहां इस “आधी रात के इश्क़” पर तरह-तरह की टिप्पणियाँ कर रहे हैं, वहीं पंचायत के फैसले को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।




