दुर्ग। जिले में पुलिस ने रिसामा रेलवे स्टेशन के यात्री प्रतीक्षालय से ओडिशा निवासी एक युवक को 9 किलो 668 ग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए नशीले पदार्थ की कीमत लगभग पाँच लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और 1,350 रुपए नकद भी बरामद हुए हैं। मामला अंडा थाना क्षेत्र का है।
संबलपुर से लेकर आया था गांजा
घटना 22 नवंबर की है। पुलिस के अनुसार ओडिशा के बरगढ़ जिले के टांगरपाड़ा, तोरा निवासी शखील बाग संबलपुर से एक ट्रॉली बैग में गांजा भरकर दुर्ग जंक्शन पहुंचा था। यहां से वह दल्लीराजहरा जाने वाली लोकल ट्रेन का इंतज़ार करता रहा और बाद में उसी ट्रेन से रिसामा स्टेशन उतरा। इस दौरान न तो जीआरपी और न ही आरपीएफ की नजर उस पर पड़ी।
Read Also- CG News : रोज की तरह फुटबॉल खेलने गया था मैदान, अचानक जमीन पर गिरा, 9वीं के छात्र की मौत
अंडा पुलिस की घेराबंदी में दबोचा गया
अंडा थाना को दोपहर करीब 2.10 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी गांजा लेकर रिसामा स्टेशन पहुंचेगा और अंडा इलाके में खपाने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने रिसामा स्टेशन के बाहर घेराबंदी कर दी और शाम करीब 6 बजे आरोपी को यात्री प्रतीक्षालय से गिरफ्तार कर लिया।
बार–बार दुर्ग-भिलाई में सप्लाई करता था
पूछताछ में शखील बाग ने बताया कि वह पिछले कई महीनों से ट्रेन के जरिए रायपुर और दुर्ग–भिलाई क्षेत्र में गांजा सप्लाई कर रहा है। उसने खुलासा किया कि वर्तमान खेप उसने तीन दिन पहले संबलपुर रेलवे स्टेशन के पीछे एक व्यक्ति से 15 हजार रुपए में खरीदी थी।
Read Also- नए श्रम संहिता लागू: वेतन संरचना में बड़े बदलाव, टेक-होम सैलरी घटने की आशंका
मौके पर की गई तौल, कुल कीमत 5 लाख से अधिक
पुलिस ने मौके पर ही तौलकर्ता को बुलाकर इलेक्ट्रॉनिक तराजू से गांजे का वजन कराया, जो 9.668 किलोग्राम निकला। इसके अलावा ट्रॉली बैग का वजन 2.997 किलो और प्लास्टिक थैलियों का वजन 40 ग्राम पाया गया। जब्त गांजा, मोबाइल, ट्रॉली बैग और नकदी की कुल कीमत 5,06,350 रुपए आंकी गई। सभी सामग्री को सीलबंद करते हुए जप्ती पत्रक तैयार किया गया।




