रायपुर। राजधानी रायपुर में एक दिन के अंतराल में लगातार दूसरी हत्या का मामला सामने आया है। दो दिनों में दो हत्याएं और तीन लोग घायल होने से शहर में सनसनी फैल गई है। ताजा मामला मुजगहन थाना क्षेत्र के कचना इलाके का है, जहां बाइक में साथ न चलने की बात पर एक युवक ने दो सगे भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल है।
पुलिस के अनुसार मृतक का नाम श्याम ध्रुव है और आरोपी की पहचान संजय नेताम के रूप में हुई है। घटना शनिवार दोपहर करीब 11:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि आरोपी संजय, श्याम ध्रुव से बाइक में साथ चलने की बात को लेकर नाराज था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और आरोपी ने गुस्से में आकर चाकू से हमला कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मुजगहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल श्याम ध्रुव को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान श्याम की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को देर शाम गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण आपसी विवाद बताया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है।




