नारायणपुर। अबूझमाड़ के जंगल में कल हुए मुठभेड़ में घायल हुए एक जवान की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। अब शहीदों को संख्या एक से बढ़कर दो हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार; बीजापुर डीआरजी के जवान रमेश हेमला कल शाम 7 बजे आईईडी की चपेट में आ गए।घटना के बाद तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां हेमला जीवन और मृत्यु से संघर्ष करते हुए वीरगति को प्राप्त हो गए।
इससे पहले ओरछा ब्लॉक के ग्राम भट्टबेड़ा के रहने वाले खोटलू राम कोर्राम नक्सलियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए थे। दोनों जवानों के पार्थिव शरीर को आज नारायणपुर स्थित पुलिस लाइन में सलामी दी जाएगी। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक ग्राम में परिजनों को सौंपा जाएगा।
बताते चलें कि कल अबूझमाड़ के नारायणपुर, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिले की सीमावर्ती इलाके में सुरक्षाबल और जवानों के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ हुई थी। इसमें जनरल सेक्रेटरी बसवा राजू समेत कुल 27 नक्सलियों को जवानों ने मार गिराया था।




