बिलासपुर। उसलापुर रेलवे स्टेशन में रविवार देर शाम एक सनसनीखेज़ खुलासा हुआ। पुलिस ने दो ऐसे तस्करों को पकड़ा है, जो खुद को भारतीय सेना का जवान बताकर गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे। उनकी तलाशी में 21 किलो से ज्यादा गांजा बरामद किया गया।
सेना की वर्दी की आड़ में अपराध
गिरफ्तार आरोपी ने सबसे पहले पुलिस को रोकने के लिए भारतीय सेना का पहचान पत्र दिखाया। लेकिन जांच में सामने आया कि यह आईडी पूरी तरह फर्जी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने इसी फर्जी कार्ड का उपयोग ट्रेन टिकट बनवाने में भी किया था।
पुलिस की सतर्कता से बची बड़ी चूक
एसीसीयू और थाना सिविल लाइन की टीम को स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। मौके पर दबिश के दौरान दोनों युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पकड़ने पर जब आईडी दिखाई, तो अधिकारियों को शक हुआ और कड़ाई से पूछताछ की गई।
यूपी से बिलासपुर तक नेटवर्क
पकड़े गए आरोपी रूपेश सिंह (25), प्रयागराज और विनोद सिंह (38), प्रतापगढ़ उत्तरप्रदेश का निवासी है। दोनों के पास से 21 किलो 100 ग्राम गांजा और मोबाइल जब्त किया गया।
सिंडिकेट की तलाश
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से आई और कहां खपाई जानी थी। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस सिंडिकेट के अन्य सदस्य भी गिरफ्त में होंगे।




