बालोद। जिले में संचालित दीनदयाल योग वेदांत फाउंडेशन आश्रम से जुड़ा नाबालिग से यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने दूसरे आरोपी राजवीर यादव को गिरफ्तार कर लिया है। इस केस में अब तक तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा चुका है, जिनमें से एक को पहले ही हिरासत में लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी भी फरार है।
5 महीने पुराना मामला, अब वायरल हो रहा वीडियो
जानकारी के मुताबिक, यह मामला लगभग पांच महीने पुराना है। बीते दिनों इससे जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें कथित बाबा और एक युवक के बीच अश्लील वार्तालाप और अपराध की स्वीकृति नजर आ रही है। आश्रम का आरोपी शिष्य, जो कि शादीशुदा है, वीडियो में नाबालिग शिष्या के साथ अनाचार की बात कबूल करता दिख रहा है।
आश्रम संचालक गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
आश्रम पिछले 5 वर्षों से वार्ड क्रमांक 20, पाररास रोशन नगर (बालोद) में संचालित हो रहा है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों के नाम शंभू, राजबीर यादव और दीनदयाल जेठुमल सामने आए हैं। इनमें से दीनदयाल बिहार का निवासी बताया जा रहा है, जिसकी अब भी तलाश जारी है।
एक अन्य आरोपी से पूछताछ जारी
पुलिस ने बताया कि एक और व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जिससे मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रशासन और पुलिस अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी में तेजी ला रही है।




