महासमुंद। जिले के कोमाखान क्षेत्र के ग्राम बिडोरा में सोमवार को भालुओं के हमले से तीन ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, ग्रामीण जब जंगल में लकड़ी लेने गए थे, तभी दो भालुओं और उनके दो शावकों ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
हमले में दानबाई ठाकुर (60), छबिलाल साहू (49) और सावित्री ठाकुर (40) घायल हो गए। तीनों को सिर, हाथ और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तुरंत बागबहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए महासमुंद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
वन विभाग ने सभी घायलों को तत्काल सहायता राशि के रूप में 500-500 रुपये प्रदान किए हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि वन विभाग की टीम ने आसपास के जंगल में गश्त बढ़ा दी है ताकि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।




