भोपाल की मॉडल खुशबू अहिरवार की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस ने बुधवार को उसके बॉयफ्रेंड कासिम को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि गिरफ्तारी मौत के मामले में नहीं, बल्कि खुशबू से मारपीट और धर्म परिवर्तन के दबाव के आरोप में की गई है।
खुशबू के परिजनों ने आरोप लगाया कि कासिम ने राहुल नाम बताकर खुशबू से दोस्ती की थी। बाद में जब उसके मुस्लिम होने का पता चला, तो उसने खुशबू पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया और मना करने पर उसके साथ मारपीट की।
खुशबू की बहन ताराबाई के अनुसार, खुशबू वर्ष 2022 में कॉलेज की पढ़ाई के लिए भोपाल आई थी। वह भानपुर मल्टी में किराए के कमरे में रहती थी और पढ़ाई के साथ मॉडलिंग भी करती थी। दिवाली के दौरान वह घर गई थी, लेकिन इस बार वह ज्यादा बातचीत नहीं कर रही थी।
परिजनों के अनुसार, खुशबू ने अपनी बहन से बताया था कि राहुल नाम का एक व्यक्ति उससे मिला था, बाद में उसे पता चला कि वह मुस्लिम है और उसका असली नाम कासिम अहमद है। खुशबू ने कहा था कि वह उसके साथ नहीं रहना चाहती, क्योंकि वह उसके साथ दुर्व्यवहार करता है और अपशब्द कहता है। परिवार का आरोप है कि कासिम बार-बार खुशबू पर धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बना रहा था।
8 नवंबर की रात खुशबू ने अपनी बहन को फोन कर बताया था कि कासिम उसे जबरदस्ती उज्जैन ले जा रहा है। उसने कहा था कि वह जाना नहीं चाहती, इसके बाद फोन कट गया। अगले दिन रात में खबर मिली कि उज्जैन से लौटते वक्त बस में खुशबू की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
परिजन 9 नवंबर को भोपाल पहुंचे और हमीदिया अस्पताल में खुशबू का शव देखा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।




