आशीष पदमवार
बीजापुर। जिले के भोपालपटनम स्थित कन्या छात्रावास में कक्षा 12वीं की एक नाबालिग आदिवासी छात्रा के चार माह की गर्भवती होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। शनिवार को इस घटना की जांच के लिए भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी के नेतृत्व में नौ सदस्यीय कांग्रेस जांच समिति भोपालपटनम पहुंची।
समिति ने छात्रावास अधीक्षक, छात्राओं, शिक्षकों, प्राचार्य और चिकित्सकों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। जांच के दौरान यह पाया गया कि छात्रावास प्रबंधन द्वारा मामले में गंभीर लापरवाही बरती गई है और घटना को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
Read Also- बीजापुर: पामेड़-चेरला मार्ग का अस्थायी पुल बाढ़ में बहा, दर्जनभर गांवों का मुख्यालय से संपर्क टूटा
प्रेस वार्ता में विधायक मंडावी का सरकार पर हमला
जिला मुख्यालय बीजापुर में आयोजित प्रेस वार्ता में विधायक सावित्री मंडावी ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बीते दो वर्षों में किसानों, आदिवासियों, व्यापारियों, कर्मचारियों, युवाओं और महिलाओं की स्थिति बदतर हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में कोई भी सुरक्षित नहीं है।
मंडावी ने बताया कि छात्रावास अधीक्षक और संबंधित अधिकारियों ने छात्रा की गर्भावस्था की जानकारी को छुपाया, परिजनों को डराया-धमकाया और छात्रा को जबरन घर भेजने का दबाव बनाया गया। उन्होंने कहा कि आज भी मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है और किसी भी जिम्मेदार अधिकारी पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
Read Also- I Love You कहना सेक्शुअल हरासमेंट नहीं है… जानिए छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने क्यों दी ये टिप्पणी?
जांच समिति को पीड़ित परिवार से नहीं मिलने दिया गया
विधायक सावित्री मंडावी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की जांच समिति को जानबूझकर पीड़ित परिवार से मिलने से रोका गया। उन्होंने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि बीजापुर जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्र में माता-पिता अपने बच्चों को भरोसे के साथ स्कूलों और छात्रावासों में भेजते हैं, लेकिन इस प्रकार की शर्मनाक घटनाएं अस्वीकार्य हैं।
विधायक विक्रम मंडावी ने जताई नाराज़गी
बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने भी इस मौके पर प्रशासन की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब तक इस मामले में सरकार और प्रशासन ने क्या कार्रवाई की है, यह जनता को बताया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसी घटनाओं पर रोक नहीं लगी, तो कांग्रेस पार्टी ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करेगी।
Read Also- Rule Change: क्रेडिट कार्ड… UPI और LPG समेत 1 अगस्त से बदल रहे ये 6 बड़े नियम, बढ़ सकता है मंथली खर्च
समिति में शामिल थे कई वरिष्ठ नेता
जांच समिति में दंतेवाड़ा की पूर्व विधायक देवती कर्मा, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री नीना रावतिया, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सरिता चापा, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष गीता कमल, नगर पंचायत अध्यक्ष रिंकी कोरम, पूर्व जनपद अध्यक्ष निर्मला मरपल्ली, पार्वती कश्यप और अनिता तेलम सहित अन्य नेता शामिल रहे।




