रायपुर। राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर जिले के अभनपुर ब्लॉक में पदस्थ पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई अभनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत की गई, जहां ग्राम गोतियारडीह निवासी जयवर्धन बघेल, जो कि अभनपुर युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष हैं, ने ACB में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उन्होंने हाल ही में एक जमीन खरीदी थी, जिसके नामांतरण (म्यूटेशन) के लिए जब उन्होंने आवेदन दिया, तब पटवारी पुष्पेंद्र गजपाल ने प्रक्रिया पूरी करने के लिए 5000 रुपये की रिश्वत की मांग की।
जयवर्धन बघेल ने इस भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाते हुए इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए ACB की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पटवारी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया। तय समय पर जब शिकायतकर्ता ने पटवारी को 5000 रुपये की रिश्वत दी, उसी वक्त ACB की टीम ने छापा मारकर उसे रंगे हाथ रिश्वत लेते हुए दबोच लिया।
ACB की इस कार्रवाई से जिले के राजस्व अमले में हड़कंप मच गया है। आमतौर पर नामांतरण जैसी प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन कार्रवाई कम ही हो पाती थी। अब इस प्रकार की ठोस कार्रवाई ने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि भ्रष्टाचार को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




