जशपुर। जिले में पुलिस की बड़ी चूक सामने आई है, जहां एक आरोपी पुलिस की हिरासत से फरार हो गया। इस गंभीर लापरवाही को संज्ञान में लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ड्यूटी में तैनात पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
Read Also- छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था को मिली नई दिशा: 16 जिलों में युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया हुई पूर्ण, 4500 से अधिक अतिशेष शिक्षकों को मिली नई पदस्थापना
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी रितेश को 2 जून को कुनकुरी न्यायालय में पेश किया गया था। पेशी के बाद जब उसे अन्य छह आरोपियों के साथ वापस लाया जा रहा था, उसी दौरान रास्ते में सतर्कता में भारी चूक हुई। मौका पाकर आरोपी चलती पुलिस वाहन से हथकड़ी खोलकर फरार हो गया। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
Read Also- शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने तत्परता दिखाते हुए ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबित पुलिसकर्मियों में प्रधान आरक्षक सुनसाय एक्का तथा आरक्षक लव कुश पैंकरा, जनक साय, डायमंड तिग्गा और पुतूरु राम शामिल हैं। सभी को रक्षित केंद्र जशपुर में पदस्थ किया गया है, जहां नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। एसएसपी ने इस पूरे मामले की प्राथमिक जांच की जिम्मेदारी एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा को सौंपी है। जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




