रायपुर। लंबी राजनीतिक कवायद के बाद आखिरकार छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार की तारीख तय हो गई है। कल यानी बुधवार को साय सरकार में तीन नए मंत्री शपथ लेंगे।
सोमवार को दिनभर कैबिनेट विस्तार को लेकर अटकलें तेज रहीं। पहले चर्चा थी कि मंगलवार को ही नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई जा सकती है। इसी कड़ी में कई विधायक मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए पहुंचे भी, लेकिन देर शाम यह कार्यक्रम टल गया।
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा का शीर्ष नेतृत्व 14 सदस्यीय मंत्रिमंडल पर सहमत हो चुका है। इसमें क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश की जाएगी।
संभावित मंत्रियों में दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव, अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, बिलासपुर से अमर अग्रवाल और रायपुर संभाग के आरंग विधायक गुरु खुशवंत के नाम चर्चा में हैं। खासकर गजेंद्र यादव का नाम उनकी पृष्ठभूमि और यादव समाज की बाहुल्यता को देखते हुए मजबूत माना जा रहा है। वहीं अनुसूचित जाति वर्ग को प्रतिनिधित्व देने के लिए गुरु खुशवंत को मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है।
सीएम विष्णुदेव साय की मौजूदगी में कल होने वाले शपथ ग्रहण के बाद छत्तीसगढ़ कैबिनेट का स्वरूप और स्पष्ट हो जाएगा।




