रायपुर। छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) में एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ECE) के छात्र सैय्यद रहीम ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का दुरुपयोग कर 36 छात्राओं की करीब 1,000 अश्लील तस्वीरें बनाईं। पुलिस ने आरोपी को बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया है और उसके लैपटॉप, मोबाइल और पेन ड्राइव जब्त किए हैं। मामला राखी थाना क्षेत्र के अंतर्गत दर्ज किया गया है।
मामले का खुलासा और शिकायत
जांच में पता चला कि सैय्यद रहीम कॉलेज इवेंट्स और कक्षाओं में छात्राओं की तस्वीरें खींचता था। इन तस्वीरों को उसने AI के जरिए अश्लील रूप में परिवर्तित कर कुछ दोस्तों के साथ साझा किया। दोस्तों के माध्यम से यह जानकारी छात्राओं तक पहुंची, जिन्होंने कॉलेज प्रबंधन से शिकायत की। प्रबंधन ने आरोपी को तत्काल निलंबित किया, लेकिन शुरुआत में पुलिस को सूचित नहीं किया। मामला मीडिया में उजागर होने के बाद प्रबंधन ने राखी थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने FIR दर्ज की।
कॉलेज प्रबंधन की कार्रवाई
IIIT प्रबंधन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला स्टाफ की एक विशेष जांच समिति गठित की है। यह समिति तकनीकी पहलुओं, सोशल मीडिया और डेटा लीक की संभावनाओं की जांच करेगी। प्रबंधन ने कहा कि समिति की रिपोर्ट पुलिस के साथ साझा की जाएगी।
पुलिस की कार्रवाई
ASP दौलतराम पोर्ते ने बताया कि शिकायत के आधार पर सैय्यद रहीम को बिलासपुर से गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से जब्त उपकरणों की जांच की जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके।




