रायपुर: सड़क हादसों को रोकने और ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए रायपुर में वीआईपी चौक से एयरपोर्ट तक की 9 किलोमीटर लंबी सेंट्रल रोड को आज, 22 सितंबर 2025 से वन-वे कर दिया गया है। अब इस मार्ग पर वाहन केवल एयरपोर्ट और नवा रायपुर की दिशा में जा सकेंगे, जबकि शहर की ओर लौटने की अनुमति नहीं होगी। शहर की ओर आने के लिए वाहन चालकों को सर्विस रोड का उपयोग करना होगा। यह नया नियम आज सुबह 8 बजे से लागू हो गया है।
ट्रैफिक पुलिस की जागरूकता और सख्ती
रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि शुरुआती दिनों में लोगों को इस नई व्यवस्था के बारे में जागरूक किया जाएगा और समझाइश दी जाएगी। हालांकि, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। मुख्य सड़क से शहर की ओर आने वाले वाहन चालकों पर ₹2,000 से ₹5,000 तक का जुर्माना लगाया जाएगा।
जुर्माने का प्रावधान
- पहली बार उल्लंघन: ₹2,000 का जुर्माना
- दूसरी बार उल्लंघन: ₹5,000 का चालान
- तीसरी बार उल्लंघन: ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड
निर्णय का उद्देश्य
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कदम लगातार हो रहे सड़क हादसों को कम करने और यातायात को सुगम बनाने के लिए उठाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस सख्ती का मकसद ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करना और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना है।




