रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में कैबिनेट की बैठक शुरू हो गई है। बैठक में कृषि, उद्योग, महिला सशक्तिकरण और शिक्षा से जुड़े अहम प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा, केंद्र सरकार की योजनाओं को राज्य में लागू करने पर भी विचार हो सकता है। इस कारण बैठक को राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।
सियासी हलचल
सोमवार को दिनभर मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अटकलें तेज रहीं। बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने राजभवन जाकर राज्यपाल से मुलाकात की, वहीं अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, आरंग विधायक खुशवंत साहेब, अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साव और दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव ने सीएम हाउस में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की। देर शाम खबर आई कि शपथ ग्रहण टल सकता है, क्योंकि सीएम साय के प्रोटोकॉल में मंगलवार को शपथ का कोई जिक्र नहीं था।
अब साफ हो गया है कि मंत्रिमंडल विस्तार बुधवार को होगा। तीनों नए मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ लेकर साय कैबिनेट में शामिल होंगे।




