बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र के बांध में एक युवक की लाश मिली है। युवक का शव पानी तैरता हुआ पाया गया है। आसपास के ग्रामीण ने इसकी खबर तत्काल कोटा पुलिस को दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार घटना रविवार सुबह घोरमार के फेकूबांध की है। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों का कहना है कि युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि युवक के शरीर पर पत्थर बांधकर उसे पानी में फेंका गया था।
कोटा थाना प्रभारी तोपसिंह नवरंग ने बताया कि पानी में युवक का शव मिला है। शव को पानी से बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही आसपास के गांवों में लापता युवक की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की जांच जारी है।




