रायपुर। राजधानी समेत प्रदेश के कई हिस्सों में गुरुवार को हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी वर्षा और वज्रपात की संभावना जताई है, जबकि अधिकांश जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून द्रोणिका श्रीगंगानगर से उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। वहीं दक्षिण ओडिशा-उत्तर तटीय आंध्रप्रदेश के ऊपर 4.5 किलोमीटर ऊंचाई तक चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा उप-हिमालयीन पश्चिम बंगाल से लेकर झारखंड और दक्षिण ओडिशा तक एक और द्रोणिका बनी हुई है। इन सिस्टम्स के चलते प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा।
कई जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए राजनांदगांव, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कांकेर, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में हल्की वर्षा की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से आकाशीय बिजली और तेज हवाओं से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की है।




