रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने शहीद सैनिकों और भूतपूर्व सैनिकों के परिवारों के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिया है। युद्ध अथवा सैनिक कार्यवाही में शहीद (बैटल कैजुअल्टी) सैनिकों की पत्नी अथवा आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि को 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपए कर दिया गया है। इसी तरह विभिन्न शौर्य अलंकरण प्राप्त जवानों को मिलने वाली राशि में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है। अब परमवीर चक्र विजेताओं को 40 लाख की जगह 1 करोड़ रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी।
यह महत्वपूर्ण निर्णय सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई छठवीं राज्य सैनिक समिति की बैठक में लिया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, हमारे वीर सैनिक देश की सुरक्षा के लिए अपना जीवन न्यौछावर करते हैं। उनका कल्याण करना हम सबका दायित्व है। राज्य सरकार भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के हित में निरंतर काम कर रही है।
Read Also- शराब पीते ही बेहोश हुए दो युवक, इलाज के दौरान तोड़ा दम, गुस्साए परिजनों ने किया चक्काजाम
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय :
- शहीद सैनिकों की पत्नी/आश्रितों को अनुग्रह राशि : 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपए।
- परमवीर चक्र विजेताओं को अनुग्रह राशि : 40 लाख से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपए।
- सैनिकों के माता-पिता को जंगी इनाम राशि : 5 हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपए प्रतिवर्ष।
- युद्ध अथवा सैनिक कार्यवाही में दिव्यांग सैनिकों को अनुदान : 10 लाख से बढ़ाकर 30 लाख रुपए।
- भूमि/गृह क्रय पर स्टाम्प शुल्क में छूट : प्रथम क्रय पर 25 लाख रुपए तक की छूट।
बैठक में शहीदों की वीर नारियों, भूतपूर्व सैनिकों, विधवाओं और आश्रितों के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। साथ ही भविष्य के लिए कई सुझाव भी सामने आए जिन पर विचार कर सकारात्मक निर्णय लेने की बात कही गई।
Read Also- नवरात्रि-गरबा उत्सव को लेकर प्रशासन सख्त, डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों की सुरक्षा में दिन-रात तत्पर रहने वाले सैनिकों का योगदान अतुलनीय है और राज्य सरकार हर संभव प्रयास करेगी कि उनके बलिदान और शौर्य का सम्मान हो।




