रायपुर। छत्तीसगढ़ के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन 10 दिवसीय विदेश प्रवास पर रवाना हो गए हैं। वे जर्मनी और स्विट्जरलैंड के दौरे पर रहेंगे, जहां वे कोलोन शहर में आयोजित होने वाले ANUGA 2025 कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यह आयोजन खाद्य प्रसंस्करण, पैकेजिंग, रिटेल, कैटरिंग, तकनीक और ऑर्गेनिक फूड इंडस्ट्री से जुड़ा दुनिया का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय मंच माना जाता है।
ANUGA 2025 में करीब 118 देशों के 7,900 से अधिक प्रदर्शक और 200 से ज्यादा देशों से लगभग 1.5 लाख लोग भाग लेंगे। इस वर्ष कार्यक्रम का पार्टनर देश दक्षिण कोरिया है और इसकी थीम “सस्टेनेबल ग्रोथ एंड इनोवेशन” रखी गई है।
मंत्री देवांगन इस आयोजन में छत्तीसगढ़ की औद्योगिक विकास नीति 2024-2030 के तहत निवेश के अवसरों को बढ़ावा देने और राज्य में पूंजी निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से भाग ले रहे हैं। राज्य की ओर से वे औद्योगिक विकास, खाद्य प्रसंस्करण और निर्यात संभावनाओं से जुड़े विषयों पर प्रतिनिधित्व करेंगे।
जानकारी के अनुसार, मंत्री देवांगन शुक्रवार की देर रात नई दिल्ली से जर्मनी के लिए रवाना हुए।




