रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने इस पर्व को भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीयता, समर्पण और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक बताते हुए सभी नागरिकों के सुख, समृद्धि और परस्पर सौहार्द की कामना की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा को दर्शाता है, जिसमें बहनें अपने भाई की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और सुरक्षा के लिए रक्षा सूत्र बांधती हैं, जबकि भाई भी बहनों की सुरक्षा और सम्मान का संकल्प लेते हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्व पारिवारिक और सामाजिक रिश्तों को और मजबूत बनाने वाला उत्सव है।
Read Also- छत्तीसगढ़ में शिक्षा, कौशल विकास और नवाचार के क्षेत्र में नई क्रांति की शुरुआत, त्रिपक्षीय समझौते से ‘अंजोर विजन’ को मिलेगी नई दिशा
मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन को केवल एक पारंपरिक त्यौहार नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, प्रेम, करुणा और दायित्व की भावना को उजागर करने वाला पर्व बताया। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस अवसर पर समाज में सौहार्द्र, भाईचारे और महिला सम्मान को सशक्त बनाने के लिए संकल्प लें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से प्रदेश की बेटियों, बहनों और मातृशक्ति को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पावन पर्व सभी नागरिकों के जीवन में प्रेम, उमंग और नई ऊर्जा का संचार करेगा।




