रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में चल रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन में शामिल सुरक्षाबलों के जवान से आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुलाकात करेंगे। सीएम साय अब से कुछ देर बाद रायपुर के माना स्थित छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के कार्यालय जाएंगे। यहां नक्सल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाले जवानों से मिलेंगे। वहीं मंगलवार को अबूझमाड़ मुठभेड़ में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि भी देंगे।
मंगलवार को सुरक्षाबलों के जवानों ने नारायणपुर, दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा के अंदर नक्सलियों के साथ मुठभेड़ करते हुए उनके 27 लोगों को मार गिराया था। इसमें पांच राज्यों द्वारा 5 करोड़ के घोषित इनामी नक्सली बसवाराजू को भी मार गिराने में जवानों ने सफलता हासिल की थी। वहीं गुरुवार को बीजापुर जिले में पांच नक्सली और सुकमा जिले में एक नक्सली को मार गिराने में हमारे जवानों ने सफलता हासिल की है। वहीं सुकमा में हुए मुठभेड़ के दौरान एक जवान और शहीद हो गया है।




