रायपुर। प्रदेश में सुशासन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में तीन दिवसीय बड़े सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 12 से 14 अक्टूबर तक होने वाले इन आयोजनों में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और वनमंडल अधिकारी शामिल रहेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार 12 अक्टूबर को कलेक्टर कॉन्फ्रेंस होगी। इसके बाद 13 अक्टूबर को डीएम-एसपी कॉन्फ्रेंस और 14 अक्टूबर को कलेक्टर-डीएफओ कॉन्फ्रेंस का आयोजन होगा। इसी दिन राज्य स्तरीय सुशासन शिखर सम्मेलन भी किया जाएगा, जिसका विस्तृत कार्यक्रम सुशासन विभाग द्वारा जारी किया जाएगा।
सभी सचिवों को निर्देश दिए गए हैं कि कलेक्टर कॉन्फ्रेंस के प्रमुख एजेंडा बिंदुओं को मुख्यमंत्री कार्यालय और सामान्य प्रशासन विभाग के साथ साझा करें। इन एजेंडों को 6 अक्टूबर तक अंतिम रूप दिया जाएगा।
सम्मेलनों के संचालन के लिए नोडल विभाग भी तय किए गए हैं। गृह विभाग को डीएम-एसपी कॉन्फ्रेंस का जिम्मा सौंपा गया है, जबकि वन विभाग कलेक्टर-डीएफओ कॉन्फ्रेंस का नोडल विभाग रहेगा।




