बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के तिफरा क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां 17 वर्षीय एक किशोर ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक कक्षा 10वीं का छात्र था और परीक्षा में असफल होने के बाद परेशानी में जी रहा था। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक और सनसनी फैल गई है।
सप्लीमेंट्री के बाद से था गुमसुम
जानकारी के मुताबिक, मृतक रूद्र यादव, तिफरा का रहने वाला था और कक्षा 10वीं का छात्र था। हाल ही में आए परीक्षा परिणाम में वह पास नहीं हो सका और उसे पूरक परीक्षा (सप्लीमेंट्री) देनी थी। इसके बाद से ही वह चुपचाप और तनाव में रहने लगा था।
घर में अकेला था, बहन थी पास के कमरे में
बुधवार को जब रूद्र के माता-पिता रोजी-मजदूरी के लिए घर से बाहर थे, उस वक्त घर में सिर्फ उसकी बहन मौजूद थी। इसी दौरान उसने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। जब तक उसकी बहन कुछ समझ पाती, बहुत देर हो चुकी थी।
सिरगिट्टी पुलिस ने दर्ज किया मर्ग
घटना की सूचना मिलने पर सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के सही कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पूरे मोहल्ले में मातम का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं




