बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में कंजिया प्राइमरी स्कूल में एक हेडमास्टर ने कक्षा दूसरी की छात्रा की डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे छात्रा के पैर में फ्रैक्चर हो गया। घायल बच्ची को अंबिकापुर के निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका तीन दिन से इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के कंजिया प्राइमरी स्कूल में यह घटना पांच दिन पहले हुई। जगिमा-पटना गांव निवासी शिवकुमार यादव की बेटी ललिता यादव क्लास में दूसरे बच्चों से बात कर रही थी, जिसे देखकर हेडमास्टर हेरालुयुस टोप्पो गुस्से में आ गए और उन्होंने डंडे से बच्ची के पैरों पर मारपीट की।
मारपीट के बाद ललिता के पैर में तेज दर्द शुरू हुआ और रात तक उसका पैर सूज गया। अगली सुबह स्थिति बिगड़ने पर परिजन उसे शंकरगढ़ PHC लेकर गए, जहां प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया। इसके बाद ललिता को संजीवनी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहाँ एक्स-रे रिपोर्ट में उसके पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई।
Read Also- IED ब्लास्ट में शहीद दिनेश नाग को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर, पार्थिव शरीर देख फूट-फूटकर रोई पत्नी, बोलीं– पति पर है मुझे गर्व
घटना के बाद गांव के सरपंच और ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई, जिसमें हेडमास्टर को बच्ची का इलाज कराने का निर्देश दिया गया। हेडमास्टर ने इलाज का पूरा खर्च उठाने का भरोसा दिया था।
हालांकि, बच्ची के पिता शिवकुमार यादव ने बताया कि अब तक इलाज और दवाओं में करीब 10 हजार रुपए खर्च हो चुके हैं, लेकिन हेडमास्टर ने अभी तक भुगतान नहीं किया।
इस मामले पर शंकरगढ़ बीईओ जय गोविंद तिवारी ने कहा कि उन्हें अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलते ही हेडमास्टर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वहीं, शंकरगढ़ थाना प्रभारी जितेंद्र जायसवाल ने भी कहा कि स्कूल में मारपीट की कोई शिकायत अभी तक दर्ज नहीं हुई है, लेकिन शिकायत आने पर मामले की जांच की जाएगी।




