रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्र सरकार द्वारा 37 आवश्यक औषधियों की कीमत में 10 से 15 प्रतिशत तक की कटौती के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ भारत ही विकसित भारत की नींव है। यह फैसला प्रधानमंत्री के दूरदर्शी और जनहितकारी नेतृत्व की सशक्त अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय हृदय रोग, मधुमेह, संक्रमण, बुखार और दर्द जैसी आम लेकिन गंभीर बीमारियों से जूझ रहे नागरिकों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा।
Read Also- एनपीपीए ने 35 आवश्यक दवाओं की कीमतों में की कटौती, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
मुख्यमंत्री ने बताया कि मूल्य कटौती के चलते पैरासिटामोल, एटोरवास्टेटिन, एमोक्सिसिलिन जैसी जीवनरक्षक दवाएं अब अधिक सुलभ और सस्ती होंगी। खासकर छत्तीसगढ़ जैसे आदिवासी और ग्रामीण बहुल राज्य के गरीब, श्रमिक, किसान, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक इससे प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रधानमंत्री जन औषधि योजना के तहत केंद्रों के विस्तार, आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और प्राथमिक से लेकर उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।




