CM Vishnudev Sai News : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बरसात में बादलों की गरज के दौरान लोगों से सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। आकाशीय बिजली से बचने का सावधानी ही उपाय है। इसलिए सतर्क रहें और वज्रपात से बचाव के निर्देशों का गंभीरता से पालन करें।
मुख्यमंत्री ने विगत दिनों प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने से जनहानि की घटनाओं पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ऐसी घटनाओं से बचने नागरिकों से सभी जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर आकाशीय बिजली और वज्रपात से बचाव के लिए स्थानीय भाषा में सुरक्षा उपायों का प्रदर्शन करने और लोगों को जागरूक करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
नगरीय निकायों, पंचायतों और गैर-सरकारी संगठनों को भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया है।




