सक्ती। अपने ही चाचा की जमीन हड़पने के लिए फर्जीवाड़ा रचने वाले दो भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों ने मृत चाचा का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर जमीन अपने नाम कराने की कोशिश की थी।
मामला वार्ड क्रमांक 05 सक्ती का है। आरोपियों द्वारिका उर्फ कुंदन देवांगन (62) और सीताराम देवांगन (50) ने अपने चाचा देवान देवांगन की जमीन पर कब्जे की योजना बनाई। देवान देवांगन की मौत साल 2000 में हो चुकी थी और उनके कोई वारिस नहीं थे। जमीन हथियाने के लिए आरोपियों ने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाया और एसडीएम कार्यालय में नामांतरण के लिए आवेदन भी दे दिया।
साल 2021 में चचेरी बहन कचरा बाई देवांगन और उसके बेटे राकेश को इस फर्जीवाड़े की भनक लगी। आपत्ति दर्ज कराई गई और मामला अदालत तक पहुंचा। कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि दोनों भाइयों ने फर्जी दस्तावेजों की मूल प्रति सबूत मिटाने के लिए जला दी थी।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 420, 467, 468, 471, 34, 201 और 120 (बी) के तहत केस दर्ज किया। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।




