चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के मारकुंडी थाना क्षेत्र के इटवा तुड़ैला गांव में एक विवाहिता ने पारिवारिक विवाद के बाद अपने तीन बच्चों को जहर खिला दिया और खुद भी सेवन कर लिया। इस हादसे में मां और दो बेटियों की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
पति से विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम
पुलिस के अनुसार, महिला का पति गुटखा लाने से मना कर रहा था, जिस बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। नाराज होकर पति घर से काम पर चला गया। इसी दौरान महिला ने अपने बच्चों को जहर दे दिया और खुद भी निगल लिया।
शाम को जब पति घर लौटा तो पत्नी और बच्चे अचेत हालत में पड़े मिले। पड़ोसियों की मदद से उन्हें तत्काल सीएचसी मझगवां (मध्य प्रदेश) ले जाया गया। वहां एक बेटी ने दम तोड़ दिया। इसके बाद तीनों को जिला अस्पताल सतना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान महिला और एक अन्य बेटी की भी मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है। एक बच्चा अभी भी गंभीर हालत में उपचाराधीन है। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सटीक कारणों का पता लगने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




