CG Fraud News: जांजगीर चांपा। निवेश पर मोटा मुनाफा कमाने का सपना दिखाकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े ठग का पर्दाफाश हुआ है। जमीन खरीद-फरोख्त और शेयर मार्केट ट्रेडिंग में आकर्षक लाभ देने का झांसा देकर धोखाधड़ी करने वाले मुख्य आरोपी पीयूष जायसवाल को जांजगीर चांपा पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में रायगढ़ से गिरफ्तार किया गया है।
प्रार्थी ने दी थी शिकायत, सेमिनार में हुई थी मुलाकात
CG Fraud News: राहोद निवासी राम प्रसाद यादव ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी मुलाकात पीयूष जायसवाल से एक सेमिनार के दौरान हुई थी। सेमिनार में आरोपी ने जमीन और शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने की योजनाएं बताई थीं। आरोपी की बातों में आकर राम प्रसाद ने अलग-अलग खातों में कुल ₹1,24,10,000 रुपये निवेश किए। लेकिन ना तो जमीन की रजिस्ट्री हुई, ना ही शेयर बाजार से किसी प्रकार का रिटर्न मिला। जब पैसे की वापसी की मांग की गई, तो आरोपी ने चेक दिए, जो बैंक में बाउंस हो गए। इसके बाद राम प्रसाद ने पुलिस से शिकायत की।
Read Also- अधिकारी-कर्मचारियों के छुट्टियों पर लगा बैन, कलेक्टर ने जारी किया आदेश
पुलिस ने शुरू की जांच, फरार था आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला (IPS) के निर्देश पर साइबर टीम और थाना चांपा की टीम सक्रिय हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं एसडीओपी यदूमणि सिदार के नेतृत्व में आरोपी की खोजबीन शुरू की गई। आरोपी फरार था और लगातार ठिकाने बदल रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने पर टीम ने रायगढ़ के पलगड़ा क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया।
पूछताछ में कबूला जुर्म, ठगी की रकम से खरीदी संपत्ति
CG Fraud News: गिरफ्तारी के बाद शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछे जाने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि इस तरह की ठगी उसने कई लोगों से की है और ठगी की रकम से अलग-अलग स्थानों पर जमीन और प्लॉट खरीदे हैं।
Read Also- तेज रफ्तार कार की चपेट में आए दो युवक, एक की हालत गंभीर
वाहन, दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस जब्त
CG Fraud News: आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दो चारपहिया वाहन, तीन मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और जमीन संबंधी दस्तावेज सहित अन्य कागजात जब्त किए हैं। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि आरोपी के बैंक खातों और लेन-देन से संबंधित जांच जारी है। साथ ही, ठगी के इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।




