रायपुर। चक्रवात ‘मोन्था’ का असर छत्तीसगढ़ में देखने को मिल रहा है। रायपुर सहित प्रदेश के कई इलाकों में बुधवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 17 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिले
बीजापुर, नारायणपुर, कांकेर, बालोद, दुर्ग, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कबीरधाम और मुंगेली।
यलो अलर्ट वाले जिले
रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बलौदा बाजार, महासमुंद, धमतरी, गरियाबंद, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा। इन जिलों में बिजली गिरने और तेज बारिश की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मंगलवार को अंबिकापुर और रायगढ़ में दोपहर के समय जोरदार बारिश हुई, जिसके बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंड का असर बढ़ गया है। वहीं, बेमौसम बारिश से धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
Read Also- BREAKING : छत्तीसगढ़ में कारोबारियों के घर ACB-EOW की रेड, 10 गाड़ियों में पहुंची टीम
पिछले 24 घंटों में प्रदेश का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस (दुर्ग) और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस (पेंड्रा) रिकॉर्ड किया गया।
बस्तर में चलेगी तेज हवा
बस्तर संभाग के जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। दक्षिण छत्तीसगढ़ के बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा, नारायणपुर और कांकेर जिलों में इसका असर सबसे ज्यादा रहेगा।
कल भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, कल यानी 30 अक्टूबर को बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के जिलों में भी 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।




