रायपुर। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद खाली हुए पद को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश से किसी वरिष्ठ नेता को यह जिम्मेदारी देने की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर सुझाव दिया है कि छत्तीसगढ़ से किसी सीनियर भाजपा नेता को उपराष्ट्रपति पद पर नियुक्त किया जाए, जिससे प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व मिल सके।
कांग्रेस ने इस पद के लिए रायपुर के पूर्व सांसद और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल रमेश बैस का नाम प्रस्तावित किया है। दीपक बैज ने अपने पत्र में लिखा है कि छत्तीसगढ़ को अब तक केंद्र की सरकारों में अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014, 2019 और 2024 के आम चुनावों में छत्तीसगढ़ की अधिकांश लोकसभा सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की। 2014 में 10, 2019 में 9 और 2024 में फिर से 10 सीटों पर भाजपा के सांसद निर्वाचित हुए।
Read Also- देशभर में अश्लील कंटेंट पर सख्ती: केंद्र सरकार ने उल्लू, ALTT, बिग शॉट्स समेत 25 ऐप्स-वेबसाइट्स पर लगाया बैन
बैज ने कहा कि इसके बावजूद तीनों कार्यकाल में छत्तीसगढ़ को केवल राज्य मंत्री का प्रतिनिधित्व मिला है, जो प्रदेश के लिए चिंता और पीड़ा का विषय है। उन्होंने कहा कि भाजपा को चाहिए कि वह अपने काबिल नेताओं को राष्ट्रीय नेतृत्व में स्थान दे और उपराष्ट्रपति जैसे पद के लिए छत्तीसगढ़ के नेताओं पर विचार करे।




