दुर्ग। पाटन विकासखंड के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय गोड़पेण्ड्री में पदस्थ शिक्षिका एलबी शारदा क्षत्रीय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा, दुर्ग संभाग ने 4 दिसंबर को इस आशय का आदेश जारी किया।
ग्राम पंचायत गोड़पेण्ड्री के सरपंच, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष एवं जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 8 द्वारा शिक्षिका पर समय पर विद्यालय न आने, पूर्ण समय अध्यापन कार्य न करने, स्टाफ के साथ अमर्यादित व्यवहार, झूठे आरोप लगाने तथा छात्राओं को शिक्षकों के विरुद्ध उकसाने की गंभीर शिकायत की गई थी।
जिला शिक्षा अधिकारी दुर्ग द्वारा कराई गई जांच में सभी आरोप सिद्ध पाए गए। जांच प्रतिवेदन एवं दस्तावेजों के आधार पर निलंबन आदेश जारी किया गया।
निलंबन अवधि में शिक्षिका का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, दुर्ग रहेगा तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। आदेश तत्काल प्रभावी है।




