सरगुजा। जिले के लखनपुर थाना अंतर्गत ग्राम कटिंदा में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में बुजुर्ग दंपती की डबरी में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान करीमन पंडो (65 वर्ष) और उनकी पत्नी करीमन पंडो (62 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दंपती गुरुवार सुबह गांव के समीप स्थित आमाचुआं डबरी में नहाने के लिए गए थे। काफी देर तक वापस न लौटने पर उनका बेटा करमसाय पंडो अपनी पत्नी के साथ उन्हें खोजने डबरी की ओर गया। वहां पहुंचने पर दोनों के शव पानी में तैरते हुए मिले। परिजन और ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकाला गया।
Read Also- मोबाइल चलाने से मना करने पर भाई ने बहन की टांगी से हत्या की, आरोपी गिरफ्तार
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, दोनों शव एक-दूसरे का हाथ पकड़े हुए थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि डबरी के गहरे हिस्से में पहुंचने पर एक के डूबने पर दूसरे ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इस प्रयास में दोनों की जान चली गई।
सूचना मिलने पर लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी शिशिरकांत सिन्हा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला डूबने से मौत का प्रतीत होता है। पोस्टमॉर्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है।




