रायपुर। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की सख्ती के दावों के बावजूद राजधानी में नकली पनीर का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। कारोबारी शहर के आउटर इलाकों में गोदाम बनाकर बिना किसी डर के नकली पनीर तैयार कर बाजार में खपा रहे हैं।
बुधवार को खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम को सूचना मिली कि भाठागांव इलाके में बड़ी मात्रा में नकली पनीर बनाया जा रहा है। सूचना के आधार पर वार्ड क्रमांक-64 स्थित केएलपी डेयरी एवं मिल्क प्रोडक्ट में छापा मारा गया। मौके से 1700 किलोग्राम नकली पनीर जब्त किया गया, जिसकी बाजार कीमत करीब 4.76 लाख रुपये बताई जा रही है।
जांच के दौरान टीम ने लूज पनीर के सैंपल लेकर लैब परीक्षण के लिए भेज दिए हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद संबंधित डेयरी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में अभिहित अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी बृजेंद्र भारती, सतीश कुमार राज, सिद्धार्थ पाण्डेय, रोशनी राजपूत और नमूना सहायक सुजीत मुखर्जी शामिल रहे।
शहर में नकली खाद्य पदार्थों की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच यह कार्रवाई प्रशासन की चिंता बढ़ाने वाली है, वहीं आम लोगों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही है।




