रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में एक बार फिर गर्मी बढ़ गई है। मंत्री के भतीजे पर गुंडागर्दी के आरोप को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार पर सीधा हमला बोला है। बघेल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में नेताओं और उनके परिवारों के लिए अलग कानून चल रहा है। उन्होंने कहा, “यदि मंत्री टंकराम वर्मा कानून मानते हैं, तो अपने भतीजे को लेकर उन्हें स्वयं प्रस्तुत होना चाहिए।”
दीपक बैज ने भी तीखा वार करते हुए कहा, “सैंया भए कोतवाल तो डर कहे का… चाचा मंत्री हैं, और सरकार में बैठे नेता अपराधियों को संरक्षण दे रहे हैं। अपराधियों में खौफ खत्म हो चुका है।”
वोट चोरी का आरोप
बघेल ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में बड़े पैमाने पर वोट चोरी हुई है। “एक-एक विधानसभा में हजारों मामले मिलेंगे। बीजेपी खुद मान रही है कि वोट चोरी हुई। कल राहुल गांधी ने मृत घोषित किए गए वोटर्स के साथ चाय पी है। निर्वाचन आयोग ने जिंदा आदमी को मार दिया—इससे बड़ी बात क्या हो सकती है।”
महतारी वंदन योजना पर निशाना
पूर्व सीएम ने कहा, “चुनाव से पहले बीजेपी ने महिला समूहों को रेडी-टू-ईट का काम देने का वादा किया, लेकिन अब तक काम नहीं मिला। 18 लाख आवास देने की घोषणा की थी, लेकिन कितनों को आवास मिला? महतारी वंदन का फार्म चुनाव में सबको भरवाया, अब धीरे-धीरे नाम काट रहे हैं ताकि झटका धीरे से लगे।”
RSS और तिरंगा विवाद
बघेल ने विभाजन की विभीषिका दिवस और बीजेपी की तिरंगा यात्रा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “सावरकर और जिन्ना ने दो राष्ट्र का सिद्धांत दिया। विभाजन के लिए जिम्मेदार बीजेपी के पूर्वज हैं। 52 साल तक RSS मुख्यालय में तिरंगा नहीं फहराया गया, आज तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं। अमित शाह बताएं कि आज़ादी में उनका योगदान क्या था, और मणिपुर में कब जाएंगे।”
दीपक बैज का हमला – “छत्तीसगढ़ में जंगल राज”
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपराध का गढ़ बन गया है। “एक घटना खत्म नहीं होती कि दूसरी हो जाती है। मंत्री का भतीजा मारपीट कर रहा है और उसे बचाया जा रहा है। यह जंगल राज है। आम गरीब के लिए अलग, बीजेपी नेताओं के लिए अलग कानून है।”
भाजपा में अंदरूनी गुटबाजी
बैज ने दावा किया कि निगम-मंडल की सूची जारी होने के बाद बीजेपी में अंदरूनी कलह है। “नेता पोस्ट वापस कर रहे हैं, बस लॉलीपॉप थमा रहे हैं। हताश और निराश नेता गुटबाजी में उलझे हैं।”




