अंबिकापुर। सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र से चार माह पूर्व लापता हुई 16 वर्षीय किशोरी संगीता रजक का कंकाल बतौली थाना क्षेत्र के चिरगा जंगल में मिला है। पुलिस ने इस मामले में किशोरी के नाबालिग प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपनी प्रेमिका की हत्या कर शव को जंगल में गड्ढे में दबाने की बात कबूल की है।
जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के रमकोला थाना क्षेत्र की रहने वाली संगीता रजक (16) अंबिकापुर के पटपरिया इलाके में अपनी सहेलियों के साथ रहकर काम करती थी। 4 अगस्त 2025 को वह अपने किराए के कमरे से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद परिजनों ने गांधीनगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
चार माह बाद बरामद हुआ कंकाल
गुमशुदा किशोरी की तलाश में जुटी पुलिस को उसकी सहेलियों से जानकारी मिली कि संगीता का प्रेम संबंध लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के एक नाबालिग युवक से था। पुलिस ने जब उस किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने बताया कि उसने संगीता की हत्या कर उसके शव को बतौली थाना क्षेत्र के चिरगा जंगल में दफना दिया था।
Read Also- ओवरटेक पर भड़के युवक, स्कॉर्पियो ड्राइवर को बेल्ट से पीटा, वीडियो वायरल, FIR दर्ज…
पुलिस आरोपी को लेकर घटनास्थल पर पहुंची, जहां न्यायिक मजिस्ट्रेट, तहसीलदार बतौली, सीतापुर एसडीओपी, फॉरेंसिक टीम और डॉक्टरों की मौजूदगी में खुदाई कराई गई। गड्ढे से किशोरी का कंकाल और उसका बैग बरामद हुआ, जिसमें दो जींस और कुछ कपड़े मिले। कपड़ों से पहचान संगीता की मां और सहेलियों ने की।
प्रेम संबंध से शुरू हुआ विवाद
पुलिस पूछताछ में पता चला कि संगीता रजक के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वह अपनी मां और भाई के साथ रहती थी। कुछ समय पहले एक शादी समारोह में उसकी मुलाकात लुण्ड्रा के ससौली निवासी नाबालिग युवक से हुई थी। दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे प्रेम संबंध बन गया।
शादी के दबाव में दी गई मौत
गांधीनगर थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि आरोपी नाबालिग ने स्वीकार किया कि संगीता उस पर शादी का दबाव डाल रही थी। प्रेमी दूसरी जाति का था और इस संबंध से डर गया था। उसने हत्या की साजिश रच ली।
3 अगस्त को वह बाइक लेकर अंबिकापुर पहुंचा और संगीता से मिला। अगले दिन वह उसे घुमाने के बहाने बतौली क्षेत्र के चिरगा जंगल में ले गया, जहां उसने सिर पर पत्थर से वार कर और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को गड्ढे में दफनाकर पत्थरों से ढंक दिया।




