कोरबा। जिला जेल में एक सनसनीखेज घटना में चार कैदी, जो बलात्कार और पॉक्सो एक्ट के तहत बंद थे, 25 फीट ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए। यह घटना शनिवार, 2 अगस्त 2025 को दोपहर करीब 3 बजे हुई, जब जेल में 15 मिनट की बिजली कटौती हुई। कैदियों के भागने की जानकारी तब सामने आई, जब जेल प्रशासन ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इस घटना ने जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है।
कैसे भागे कैदी?
जानकारी के मुताबिक, बिजली गुल होने के दौरान चारों कैदियों ने जेल की 25 फीट ऊंची दीवार पर लगे फेंसिंग वायर पर तार फेंककर चढ़ाई की और महज 15 मिनट के भीतर दीवार कूदकर फरार हो गए। ये सभी कैदी जेल में मवेशियों की देखभाल के लिए ड्यूटी पर तैनात थे। फरार कैदियों की पहचान सना सिंह (बालको थाना क्षेत्र), राजा कंवर (रजगमार चौकी क्षेत्र), दशरथ (सिविल लाइन थाना क्षेत्र), और चंद्रशेखर कुमार (श्याम थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय दंड संहिता की धारा 376 के तहत मामले दर्ज हैं।
सीसीटीवी ने खोला राज
जेल प्रशासन को कैदियों के गायब होने का पता तब चला, जब प्रहरी ने देखा कि मवेशी बंधे हुए हैं, लेकिन उनकी देखभाल करने वाले कैदी गायब हैं। बैरक और जेल परिसर में तलाशी के बाद भी कैदी नहीं मिले। इसके बाद जेल के बाहरी हिस्से में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें चारों कैदी दीवार फांदकर भागते हुए कैद हो गए।




